गाजीपुर। ठंड बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाली ठंडी उत्तरी-पश्चिमी हवा के प्रभाव से आगामी 2-3 दिनों के दौरान तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। गलन बढ़ सकती है। शासन की ओर से 35 लाख रुपये बजट मिलने के बाद भी गरीबों को कंबल का वितरण नहीं किया गया है। इससे जरूरतमंद परेशान हैं।
हालांकि प्रशासन का दावा है कि जनपद में अब तक 2002 कंबल का वितरण किया जा चुका है। दिसंबर का आधा समय गुजर चुका है। इसके साथ ही ठंड भी दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। वैसे तो दोपहर में खिली धूप के कारण लोगों को राहत मिल रही है लेकिन सुबह-शाम सिहरन लोगों को ठंड का अहसास करा रही है। रविवार को अधिकतम तापमान 24 तो न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्यिस दर्ज किया गया।
यदि बीते तीन दिन के आंकड़ों की बात की जाए तो 14 दिसंबर को अधिकतम तापमान 25 व न्यूनतम 11, 15 दिसंबर को अधिकतम 25 व न्यूनतम तापमान 11, 16 दिसंबर को अधिकतम 25 व न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्यिस दर्ज किया गया। ठंड के मौसम में सबसे अधिक दुश्वारियों का सामना दो पहिया वाहन सवारों को करना पड़ रहा है। ठंडी हवाओं के थपेड़ों के कारण दो पहिया वाहन सवारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं बाजार में गर्म कपड़ों की दुकानों पर खासी रौनक देखने को मिल रही है। ठंड से बचने के लिए लोग गर्म कपड़ों की खरीदारी कर रहे हैं। इससे गर्म कपड़ों के दुकानदारों के चेहरे खिले हुए हैं। वहीं यदि ठंड की बात की जाए तो दोपहर ढलते ही मौसम का मिजाज बदल जा रहा है। दोपहर तक लोगों को गर्माहट महसूस हो रही है लेकिन शाम का पहर आते ही लोग ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों से अपने शरीर को ढंक ले रहे हैं।