बिरनो थाना क्षेत्र के मानपुर मंगई नदी के पास गंभीर रूप से घायल किशोर का उपचार वाराणसी के ट्रामा सेंटर में चल रहा है। पुलिस ने देर रात घायल के पिता की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया। बृहस्पतिवार को नामजद दोनों आरोपियों को उनके घर से धर-दबोचा। साथ ही घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक प्रेम-प्रसंग में रोड़ा बनने पर किशोर को जान से मारने की नियत से आरोपियों ने उसकी गर्दन चाकू से रेत दी थी।
कासिमाबाद कोतवाली के सिदउत गांव निवासी रवि पासवान उर्फ छोटू (15) को कुछ युवक घर से बुलाकर किसी काम से बाइक पर बैठाकर 12 अक्टूबर की शाम कहीं ले गए थे। देर शाम रवि गंभीर रूप से घायलावस्था में मानपुर मंगई नदी के पास पड़ा मिला था। जंगीपुर पुलिस घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची और बिरनो पुलिस के साथ परिजनों को घटना की सूचना दी थी।
देर शाम जिला अस्पताल पहुंचे बिरनो थानाध्यक्ष ने घायल का बयान दर्ज किया। वहीं घायल के पिता राजकुमार पासवान ने दो के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। गंभीर रूप से घायल किशोर की हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने देर रात वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया था। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। इधर घटना के दूसरे दिन सुबह बिरनो पुलिस टीम ने कासिमाबाद कोतवाली के सोनबरसा गांव से आरोपी विजय प्रजापति और सिदउत गांव से ही दूसरे किशोर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष शीतल चंद्र ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी विजय प्रजापति का किसी से प्रेम प्रसंग का मामला था, जिसका रवि विरोध करता था। इसको लेकर ही आरोपी विजय प्रजापति ने किशोर आरोपी के साथ मिलकर किशोर रवि पासवान को जान से मारने की नियत से चाकू से गला रेतकर वारदात को अंजाम दिया था। पकड़े गए आरोपी विजय का चालान कर दिया गया है। जबकि किशोर आरोपी को बालसुधार गृह भेजा गया है।