दूसरा किशोर घायल, परिजनों के रोने- बिलखने से मची चीख-पुकार
संवाद न्यूज एजेंसी
कासिमाबाद। कोतवाली क्षेत्र के बरौड़ा चट्टी के सामने कासिमाबाद-मऊ मार्ग पर शुक्रवार की रात तेज रफ्तार बाइक ट्रैक्टर-ट्राली में जा घुसी। हादसे में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा साथी घायल हो गया। इधर हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों की चीख-पुकार मच गई।
नोनहरा थाना क्षेत्र के नारंगपुर रानीपुर गांव निवासी विकास यादव (13) अपने मामा के गांव कासिमाबाद के सोनबरसा निवासी रमेश यादव के यहां रहकर पढ़ाई करता था। देर रात मामा के पनीर की दुकान से बाइक लेकर दोस्त सूरज पटेल को लेकर बहादुरगंज गया था। घर वापसी के दौरान विकास यादव और उसका साथी सूरज पटेल बाइक से आ रहे थे। विकास ने हेलमेट भी नहीं पहना था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विकास काफी तेज गति में बाइक चला रहा था। ऐसे में बाइक अनियंत्रित हो गई और सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्राली में पीछे से जाकर घुस गई।
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार जैसे ही मौके पर पहुंचे विकास यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। पीछे बैठे दोस्त सूरज पटेल को चोट आई थी। ग्रामीणों नें सूरज पटेल से विकास यादव के घर का नंबर लेकर फोन कर घटना की जानकारी दी। विकास के गले में और सिर में गंभीर चोट आई थी।। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल सूरज पटेल को सीएचसी पहुंचाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस ने घटनास्थल के पास एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पड़ताल की तो पता चला कि विकास यादव ने अपनी बाइक से आगे चल रहे ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से टक्कर मार दिया। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बड़ा भाई अजय यादव और दूसरे पर राहुल यादव है। युवक नवीं कक्षा का छात्र था। पढ़ाई के साथ मामा की दुकान पर भी रहता था। बेटे की दुर्घटना में मौत की खबर पाकर मां सविता देवी सहित परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
मृतक के पिता अनुरूद्ध यादव ने पुलिस को अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना की जानकारी मिलते ही शनिवार को सैकड़ों दुकानदार कोतवाली पहुंचे हुए थे। सभी का कहना था कि युवक काफी मृदुल और मिलनसार था। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप वर्मा ने बताया कि पिता की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जल्द ही ट्रैक्टर ट्रॉली चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।