औड़िहार। सैदपुर कोतवाली के एक गांव स्थित एक बस्ती में शुक्रवार की रात एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने पड़ोस के युवक द्वारा फोन करके बार-बार परेशान करने का आरोप लगाया। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश में जुट गई। घटना के बाद परिवार की महिलाओं के रोने-बिलखने से मातम पसर गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। परिवारीजनों ने पुलिस को बताया कि परिवार के लोग कहीं गए थे। पड़ोस में रहने वाला युवक बार-बार फोन करके परेशान करता था। ऐसे में जब किशोरी ने बार-बार फोन करने पर एतराज जताया तो युवक ने उसे थप्पड़ मार दिया। जब परिवार के लोग घर आए तो किशोरी की छोटी बहन ने घटना की जानकारी दी। जब परिवार के सदस्यों ने युवक के घर पहुंचकर पूछताछ की तो उन्हें भी युवक द्वारा उल्टा-सीधा कहा गया। इधर घर आने पर पता चला कि किशोरी के मुंह से झाग निकल रहा है। उपचार के लिए उसे जब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे तो डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में कोतवाल रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि किशोरी की मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। परिजनों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। साथ ही पुलिस अपने स्तर से जांच में जुटी हुई है।