वेद बिहारी पोखरा के पास स्थित टावर पर चढ़ी युवती। स्रोत- पाठक
गंगौली (गाजीपुर)। कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के वेद बिहारी पोखरा से भड़सर जाने वाले मार्ग पर रविवार की दोपहर करीब तीन बजे प्रेमी से शादी करने की जिद में एक किशोरी एक निजी कंपनी के मोबाइल टावर पर चढ़ गई। पुलिस ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत और मान-मनौव्वल के बाद किशोरी को समझा-बुझाकर शाम पांच बजे टावर से सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद कोतवाली लेकर चली गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दोपहर करीब तीन बजे वेद बिहारी पोखरा के पास एक किशोरी के टावर पर चढ़ने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम काफी देर तक समझाने का प्रयास करती रही। शाम करीब पांच बजे दो घंटे बाद किशोरी नीचे उतरने को तैयार हुई। पूछताछ में किशोरी ने बताया नाम वह युवक से प्रेम करती है और शादी करना चाहती है। इसी जिद में वह टावर पर चढ़ गई थी। कासिमाबाद प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि किशोरी को अभिरक्षा में रखा गया है। परिजनों को बुलाया गया है। तहरीर मिलने पर जांच कर आगे की कार्रवाई होगी।