गाजीपुर। परिषदीय विद्यालयों में अब सभी 12 तरह के रजिस्टर डिजिटल किए जाएंगे। 15 जुलाई से इस रजिस्टर के माध्यम से ही काम होगा। अब शिक्षकों को भी छात्रों के साथ टैबलेट पर फेस रिकाग्निशन सिस्टम (चेहरा दिखाकर) हाजिरी दर्ज करानी होगी। स्कूलों को टैबलेट देने के साथ ही सिम आदि के लिए धनराशि भी भेजी जा चुकी है।
प्रेरणा पोर्टल पर डिजिटल रजिस्टर्स माड्यूल तैयार किया गया है। स्कूलों में उपस्थिति, प्रवेश, कक्षावार छात्र उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन, समेकित निशुल्क सामग्री वितरण, स्टाक, चेक इश्यू, बैठक, निरीक्षण, पत्र व्यवहार, बाल गणना, पुस्तकालय एवं खेलकूद रजिस्टर को डिजिटल किया गया है। शिक्षकों को स्कूल में प्रवेश एवं प्रस्थान करते समय हाजिरी लगानी होगी। सभी विद्यालयों में शिक्षक एक अप्रैल से 30 सितंबर तक आने की उपस्थिति सुबह 7:45 से आठ बजे तक और प्रस्थान करते समय दोपहर 2.15 से 2:30 बजे तक अपनी हाजिरी लगाएंगे। एक अक्तूबर से 31 मार्च तक आगमन की उपस्थिति सुबह 8:45 से नौ बजे तक और प्रस्थान उपस्थिति 3:15 से 3:30 बजे तक दर्ज करेंगे। इसी तरह छात्रों की उपस्थिति एक अप्रैल से 30 सितंबर तक सुबह आठ से नौ बजे तक और एक अक्तूबर से 31 मार्च तक सुबह नौ से 10 बजे तक दर्ज होगी।
परिषदीय स्कूलों के सभी रजिस्टर डिजिटल माध्यम से भरवाने का निर्देश महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने दिया है। 15 जुलाई से डिजिटल रजिस्टर से काम होगा।- हेमंत राव, बेसिक शिक्षा अधिकारी