गाजीपुर। शिक्षक उपस्थिति पंजिका सहित 12 रजिस्टरों को डिजिटली ऑनलाइन किए जाने का विरोध तेज हो गया है। बृहस्पतिवार को शिक्षण कार्य के बाद अखिल भारतीय शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षक कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां सरजू पांडेय पार्क में धरना दिया। वहीं, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर शिक्षकों ने जिलेभर में दो दिवसीय हस्ताक्षर अभियान शुरू किया।
अखिल भारतीय शिक्षक संघ के बैनर तले दिन में तीन बजे शिक्षक सरजू पांडेय पार्क में धरना दिया। इसके बाद अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपा। जिलाध्यक्ष जयप्रकाश पांडेय ने कहा कि विभाग परिषदीय शिक्षकों व शिक्षिकाओं के साथ दोहरा माप दंड अपना रहा है। इसका हम सब शिक्षक पुरजोर विरोध करते हैं। इस मौके पर सुरेंद्र यादव, अंबिका दूबे, बैजनाथ तिवारी, सुभाष सिंह, अरूण सिंह आदि मौजूद रहे। उधर, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर जिलेभर में दो दिवसीय हस्ताक्षर अभियान शुरू किया। पहले दिन विकास खंड स्तर के बीआरसी कार्यालय पर प्रत्येक शिक्षकों से उनका मत जानने एवं सरकार तक शिक्षकों की मंशा को पहुंचाने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाया। ब्लाक संसाधन केंद्र सैदपुर में जिला मंत्री इसरार अहमद सिद्दीकी के नेतृत्व में दो दिवसीय असहमति अभियान की शुरुआत की गई। उन्होंने बताया कि 23 जुलाई को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय का घेराव करेंगे। इस मौके प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्ष कमलेश यादव, ब्लाक मंत्री धनंजय यादव पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्ष रविंद्र नाथ यादव, मृत्युंजय, अंजू राय, इंदुमति पाठक, प्रेरणा, कुमुद श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।