गाजीपुर। शहर के महुआबाग और दिलदारनगर में बनाए गए हाट स्पाट में जहां दो चरणों में स्क्रीनिंग का काम पूरा हो गया है। मस्जिदों, गलियों तथा मुहल्लों को सैनिटाइज भी कर दिया है। इस क्षेत्र में रहने वाले 9554 लोगों का सर्वेक्षण किया गया। इस दौरान अस्वस्थ पाए जाने पर 2200 लोगों की स्क्रीनिंग भी कर ली गई है। प्रशासन की मानें तो अब इस क्षेत्र में सर्वेक्षण का काम पूरा हो गया है। जिले में कुल पांच हॉटस्पॉट बनाए गए, जिसमें शहर में तीन और दिलदारनगर में दो स्थानों को शामिल किया गया। इन स्थानों पर जगह-जगह बैरिकैडिंग कर एरिया को सील कर दिया गया। गाइडलाइन के मुताबिक, इन इलाकों को सैनिटाइज करने का काम जोरशोर से चलता रहा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सात गई टीमें बनाई गई, जो इन इलाकों के घरों में जाकर सर्वे का काम किया। सर्वेक्षण में घर-घर जा कर लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ली गई और सर्दी, बुखार या अन्य प्रकार से पीड़ित लोगों की स्क्रीनिंग का काम भी किया गया। शहर में कुल 6248 लोगों की और दिलदारनगर के रेड जोन इलाके में कुल 3306 लोगों के सर्वेक्षण का काम पूरा कर लिया गया। इस दौरान 2217 लोगों की स्क्रीनिंग भी की गई। इस कार्य में सर्वेक्षण के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का भी सहयोग लिया जा रहा है। एसीएमओ डा. डीपी सिन्हा ने बताया कि कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए हर प्रकार की कवायद की जा रही है।