डिजिटल एक्स-रे मशीन से लैस हुआ तीन सौ बेड का अस्पताल
विटामिन बी12, विटामिन डी और इनफर्टिलिटी प्रोफाइल की होगी जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। महर्षि विश्वामित्र मेडिकल काॅलेज के जिला अस्पताल में जल्द ही दूरबीन विधि से सर्जरी शुरू होगी। इसको लेकर कवायद तेज कर दी गई है। इसके साथ ही विटामिन बी12, विटामिन डी और इनफर्टिलिटी प्रोफाइल की जांच के लिए भी अब मरीजों को इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। एक माह के अंदर इन जांचों को शुरू करने लिए कार्रवाई तेज कर दी गई हैं।
यहीं नहीं नवनिर्मित तीन सौ बेड के अस्पताल को डिजिटल एक्स-रे मशीन से लैस कर दिया गया है। ऐसे में एक्स-रे के लिए मरीजों को अब घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इसके अलावा अस्पताल को अन्य चिकित्सकीय सुविधाओं से सुदृढ़ करने का कार्य तेजी से चल रहा है।
शहर सहित ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को अत्याधुनिक चिकित्सकीय सुविधा प्रदान करने के लिए मेडिकल काॅलेज प्रशासन की ओर से लगातार संबद्ध जिला और महिला अस्पताल को सुदृढ़ किया जा रहा है। लंबे समय से बंद पड़े जनरल सर्जरी की सुविधा को शुरू करने के बाद अब दूरबीन विधि से सर्जरी से मरीजों को लाभांवित करने की कवायद तेज कर दी गई है।
इसके लिए नए उपकरण एवं मशीन स्थापित कराने को लेकर कागजी कार्रवाई पूरी कराने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जिससे इस सर्जरी का लाभ लेने के लिए मरीजों को निजी अस्पतालों के तरफ रूख न करना पड़े और आर्थिक दंश न झेलना पड़े।
साथ ही विटामिन बी 12, विटामिन डी और इनफर्टिलिटी प्रोफाइल की जांच भी एक माह के अंदर शुरू हो जाएगी। ऐसे में इन जांचों के लिए अब निजी पैथोलॉजी केंद्रों पर मरीजों को नहीं जाना पड़ेगा। इसके अलावा शहर के गोराबाजार स्थित तीन सौ बेड के नवनिर्मित अस्पताल को डिजिटल एक्स-रे मशीन से लैस कर दिया गया है। ऐसे में अब एक्स-रे के लिए घंटों मरीजों को कतार में खड़ा नहीं रहना पड़ेगा।
इस संबंध में महर्षि विश्वामित्र मेडिकल कालेज के प्राचार्य प्रोफेसर डा. आनंद मिश्रा ने बताया कि जल्द ही दूरबीन विधि से सर्जरी की सुविधा मरीजों को मिलने लगेगी। इससे संबंधित उपकरण और मशीन जल्द ही उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही विटामिन बी12 और विटामिन डी के अलावा इनफर्टिलिटी प्रोफाइल की जांच एक माह के अंदर शुरू होगी।