सैदपुर ब्लॉक प्रमुख पद के लिए शनिवार को मुख्यालय पर हो रहे मतदान के दौरान मार्ग पर चाक चौबंद व्यवस्था दिखी। अस्पताल एवं रामलीला मैदान के पूरब की ओर जाने वाले नागरिकों को काफी कठिनाइयां भी झेलनी पड़ीं। इधर प्रत्याशी समर्थक जोड़-तोड़ के लिए बैरकेडिंग के बाहर आपस में भिड़ गए। हो हल्ला और शोर होता देख पुलिस को कई बार लाठियां भांजनी पड़ी और उन्हें एक किलोमीटर दूर तक खदेड़ दिया गया। सीओ बीएस वीर कुमार अपने अधीनस्थों के साथ अवांछनीय तत्वों को दौड़ाते रहे। मतदान में किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं हुई। वहीं आवागमन के लिए उचित कारण बताए जाने पर भी पुलिस ने आगे नहीं जाने दिया। यहां तक कि कोविड टीकाकरण कराने वाले लोगों को भी उस मार्ग पर जाने से रोक दिया गया। मतदान के दौरान आवागमन प्रतिबंधित होने के कारण सैकड़ों राहगीरों को अपने गंतव्य की ओर जाने में परेशानी हुई। मतदान करने वाले मतदाताओं की छानबीन गहराई से होती रही। पूरी छानबीन हो जाने के बाद ही मतदाता मतदान स्थल तक तक पहुंच पा रहे थे।