जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सोमवार को हुए हादसों में छात्र सहित दो की मौत हो गई। गहमर इंटर कालेज में पढ़ाई के लिए जा रहे छात्र की ट्रेन से गिरकर और वाराणसी के चंद्रावती के पास बाइक एवं ट्रक की टक्कर में व्यापारी की मौत से कोहराम मच गया। छात्र माता-पिता का इकलौता पुत्र था।
सेवराई संवाददाता के अनुसार गहमर कोतवाली क्षेत्र के करहिया गांव निवासी विकास प्रजापति (18) गहमर इंटर कालेज में कक्षा 11 का छात्र था। वह रोज की तरह ट्रेन से गहमर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अभी ट्रेन गहमर स्टेशन पर पहुंचने वाली ही थी कि वह गेट पर खड़ा हो गया। ऐसे में उसका सिर सिग्नल से टकरा गया और वह ट्रेन से गिर गया।
आस-पास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस घायल को उपचार के लिए सीएचसी भदौरा लाया। जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं एक अन्य घटना में देवकली संवाददाता के अनुसार सैदपुर कोतवाली के आगापुर भितरी निवासी व्यापारी पवन कुशवाहा (25) बाइक से इलेक्ट्रानिक दुकान का सामान खरीदने के लिए वाराणसी जा रहा था। चंद्रावती के पास गाजीपुर- वाराणसी हाइवे पर बाइक और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इधर हादसे की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। 000000