डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के आगमन पर हाउस अरेस्ट किये गये पूर्व छात्रसंघ के पदाधिकारी। स्रोत- स्वय
गाजीपुर। उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक के जिले आगमन पर छात्र प्रतिनिधियों को पुलिस ने उनके आवास पर शनिवार को सुबह पांच बजे ही हाउस अरेस्ट कर लिया। छात्र प्रतिनिधि महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय की स्वास्थ्य सुविधाओं और जनसमस्याओं को लेकर ज्ञापन देने जा रहे थे। पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय के अनुसार, सुबह पांच बजे ही उनके आवास पर पुलिस बल तैनात कर उन्हें साथी छात्र प्रतिनिधियों प्रद्युम्न सिंह यादव राजन, आकाश चौधरी और सतीश चौधरी के साथ घर में ही रोक दिया गया। कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि सुरक्षा कारणों से छात्रनेताओं को हाउस अरेस्ट किया था। शाम को उन्हें छोड़ दिया गया। वहीं दीपक उपाध्याय ने कहा कि जिले शाम चार बजे तक पुलिस कर्मी उन्हें घेर कर बैठ रहे। कहा कि जनता को केवल रेफरल सेंटर नहीं, बल्कि मुकम्मल इलाज की सुविधा वाला मेडिकल कॉलेज चाहिए। जनहित की मांगों को पुलिस के बल पर रोका नहीं जा सकता। संवाद