मौधा। उपजिलाधिकारी सैदपुर विक्रम सिंह ने पंचायत चुनाव के बाद मतपेटियों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से बनाए जाने वाले स्ट्रांग रूम के लिए सैदपुर के दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महाविद्यालय और देवकली के होलीपुर स्थित राधाकृष्ण प्रतीक्षा महिला महाविद्यालय का बृहस्पतिवार को दौरा किया। इस दौरान एसडीएम ने एक-एक बिन्दु का निरीक्षण कर वहां सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखने के निर्देश खण्ड विकास अधिकारी को दिया। कहा कि स्ट्रांग रूम में लगे सुरक्षा कर्मी और कर्मचारी मास्क के साथ सेनेटाइजर का प्रयोग अवश्य करें। संवेदनशील बूथों और गांवों में पुलिस की निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया। कहा कि मतदाताओं को प्रलोभन देने वाले प्रत्याशियों के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कर तुरन्त प्रभावी कार्रवाई की जाय। इसके अलावा एसडीएम ने मतगणना वाले दिन लगने वाली ड्यूटी एवं टेबुल के बारे में सभी तैयारी जल्द पूरी करने का निर्देश भी मातहतों को दिया। उन्होंने कहा कि मतगणना ड्यूटी में लगने वाले कर्मचारियों के लिये वाशरूम और अन्य सुविधायें भी दुरूस्त करा ली जाएं। इस दौरान सरकारी कर्मचारियों, प्रत्याशियों और उनके समर्थकों से कोविड-19 गाइड लाइन का गम्भीरता से पालन करने का निर्देश दिया।