थाना क्षेत्र के सिहानी गांव में बृहस्पतिवार को दो पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर एवं लाठी डंडे चले। मारपीट की घटना में 20 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल के लिए सीएचसी भदौरा भेजा। गांव में तनाव देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है। गांव के बाहर क्रिकेट खेलने के लिए कुछ युवकों ने फील्ड तैयार किया था। बारिश होने पर वह सुबह फील्ड देखने गए और सड़क पर खड़ा होकर सेल्फी ले रहे थे। सड़क पर एक युवक अपने भतीजे को गाड़ी सिखा रहा था और सेल्फी ले रहे युवक को हटने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी होने के साथ मारपीट हो गई। दोनों युवकों ने घटना की सूचना परिजनों को दी। कुछ ही देर में दोनों युवकों के परिजन लाठी-डंडा लेकर आमने-सामने आ गए। मारपीट के साथ दोनों पक्षों की ओर ईंट- पत्थर चलने लगा। इसमें एक पक्ष से इसराइल, इस्माइल, सलाहुद्दीन, सज्जाद, आसिफ, सोनू, अलामु, तनवीर और दूसरे पक्ष से मुकेश, प्रकाश, जयप्रकाश, जोगिंदर, जोखन, खेदनी देवी, नंदू, अरविंद, रोहित, नंदलाल और सुरेंद्र घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी ग्रामीण आरडी चौरसिया, सेवराई के एसडीएम रमेश मौर्य, सीओ हितेंद्र कृष्ण सहित गहमर, नगसर, रेवतीपुर और सुहवल थाने की पुलिस पहुंच गई। थाना निरीक्षक कमलेश पाल ने बताया की बच्चों की मामूली बात को लेकर मारपीट की घटना हुई है। घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। मामले की छानबीन की जा रही है।