प्लेटफार्म संख्या-एक से दो पर जाने के लिए सीढ़ी चढ़ने एवं उतरने की जहमत से यात्रियों को छुटकारा नहीं मिल सका है। कारण, प्लेटफार्म एक पर स्वचालित सीढ़ी (एस्कलेटर) का संचालन महीनों से बंद है। इसके चलते सबसे ज्यादा असुविधा बुजुर्गों को हो रही है। रेलवे की ओर से कुछ वर्ष पहले जिले में विकास के कई कार्य कराए गए। यही नहीं यात्री सुविधाओं के विस्तार के क्रम में सिटी रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्मों का उच्चीकरण एवं विस्तारीकरण, वीआईपी लांज, एटीवीएम, गोल्फ कार, वाटर वेंडिंग मशीन आदि की सुविधा उपलब्ध कराई गई। एक प्लेटफार्म से दूसरे पर सीढ़ी चढ़ने-उतरने में यात्रियों को परेशानी हो रही थी। ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में कई बार यात्री विशेषकर बुजुर्ग गिर भी जाते रहे। उनकी तकलीफ को गंभीरता से लेते हुए प्लेटफार्म संख्या-एक पर कुछ वर्ष पहले स्वचालित सीढ़ी की स्थापना कराई गई। यात्रियों की मानें तो सुविधा उपलब्ध होने के बाद कभी-कभार ही इसका संचालन होते मिला। महीनों से एस्कलेटर संचालित न होने से यात्रियों को परेशानी हो रही है। मजबूरन उन्हें इस प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए सीढ़ी चढ़ना एवं उतरना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने इसके संचालन की मांग की है। पीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि संचालन न होने के संबंध में जानकारी कर इसको जल्द संचालित कराने का प्रयास किया जाएगा।