कासिमाबाद विकास खंड एवं बहादुरगंज नगर पंचायत क्षेत्र में जन्म प्रमाण पत्रों के आवेदन पत्रों के निस्तारण में हो रही देरी को लेकर अब कासिमाबाद तहसील प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कासिमाबाद एसडीएम संजय कुमार कुशवाहा ने एक- एक कर्मचारी को कासिमाबाद तहसील कार्यालय में नामित कर तैनात किया है। खंड विकास अधिकारी कासिमाबाद एवं नगर पंचायत बहादुरगंज द्वारा नामित ऑपरेटर प्रतिदिन तहसील कार्यालय में उपस्थित रहकर जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित रिपोर्ट देंगे। इससे आवेदनों के निस्तारण की प्रक्रिया में तेजी आएगी और लंबित मामलों का शीघ्र समाधान संभव हो सकेगा। इस व्यवस्था के लागू होने से आमजनों को काफी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, वजह अभी तक आवेदनकर्ताओं को प्रमाण पत्र प्राप्त करने में अनावश्यक देरी का सामना करना पड़ रहा था। कई मामलों में दस्तावेजी प्रक्रिया लंबित रहने से लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। एसडीएम संजय कुमार कुशवाहा ने बताया कि जन्म प्रमाण पत्र जैसी महत्वपूर्ण सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ेगी और कार्य प्रणाली भी अधिक प्रभावी बनेगी।