गाजीपुर। संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए सरकार की तीन दिन के कर्फ्यू की घोषणा को लेकर लोग हड़बड़ा गए। खरीदारी करने बाजार में निकली भीड़ से सोशल डिस्टेंसिंग तार-तार हो गई। नगर हो या ग्रामीण क्षेत्र सभी जगह गाइड लाइन का खुला उल्लंघन किया गया। मुहम्मदाबाद : सप्ताह में तीन दिन का कर्फ्यू घोषित होने के बाद यूसुफपुर बाजार में खरीददारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। बाजार में पूरे दिन जाम लगा रहा। शादी विवाह का मौसम होने के कारण जिन लोगों के घर वैवाहिक कार्यक्रम आयोजित हैं। लॉकडाउन से एक दिन पूर्व लोग खरीदारी करने के लिए बाजार में आए। किराना, फल, सब्जी और रेडीमेड की दुकानों पर ज्यादा भीड़ दिखाई पड़ी। यूसुफपुर बाजार में तहसील तिराहा, बिट्ठल चौमुहानी और इलाहाबाद बैंक रोड पर पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही। शुक्रवार की रात आठ बजे से मंगलवार की सुबह छह बजे तक लॉकडाउन की घोषणा से लोग आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी करके घरों में रख लेने के लिए परेशान दिखाई दिए। कमोवेश इसी तरह कई अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी सामाजिक दूरी को दरकिनार करते हुए लोग बाजार में दिकाई दिए।