मौधा। सैदपुर के दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महाविद्यालय परिसर में मतगणना के दौरान संक्रमण का कहीं कोई डर नजर नहीं आया। लोग सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाते रहे। परिणाम जानने को प्रत्याशी और उनके समर्थक गणना काउंटर पर धक्का-मुक्की करते रहे। प्रशासन की तरफ से भी मतगणना के दौरान कोरोना प्रोटोकाल का सख्ती से पालन कराने का दावा किया गया था लेकिन रविवार और सोमवार को जब सैदपुर के दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महाविद्यालय परिसर में भीड़ उमड़ी तो प्रशासन की सारी तैयारी बेकार साबित होने लगी। केंद्र पर दो गज की दूरी का निर्देश भूलकर लोग धक्का मुक्की करते नजर आए। डीएम, एसपी के अलावा आईजी जोन के अलावा प्रेक्षक भी मतगणना स्थल पर निरीक्षण के दौरान बचाव के नियमों के पालन की दलील देते रहे लेकिन कोई सुनने को तैयार नजर नहीं आया।