जंगीपुर पुलिस एवं एसओजी टीम ने रविवार को हेरोइन तस्कर भाई- बहन को दबोचा है। उनके पास से 915 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 90 लाख है। सोमवार को पुलिस अधीक्षक रोहन पी बोत्रे ने पत्रकारवार्ता में इसके बारे में जानकारी दी।
एसपी ने बताया कि जंगीपुर पुलिस एवं एसओजी टीम ने रविवार देर शाम जंगीपुर थाना क्षेत्र के तिराहा हाइवे से बाइक सवार एक व्यक्ति को धर-दबोचा। जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर उसका भाई सरफराज फरार हो गया। पकड़े गए व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके पास से 660 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पकड़ा गया युवक नगर कोतवाली के नुरुद्दीनपुरा निवासी सुहेल अंसारी है। उसने बताया कि बलिया जनपद के स्टेशन रोड निवासी बहन राइसा बानो के पास कुछ और हेरोइन है। पुलिस द्वारा पकड़ी गई राइसा बानो की निशानदेही पर 255 ग्राम हेरोइन बरामद हुआ। पुलिस ने भाई - बहन के पास से कुल 915 ग्राम हेरोइन बरामद किया। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 90 लाख है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विशेष टीम का गठन करके मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। कुछ दिन पूर्व मादक पदार्थ के साथ तस्कर पकड़े गए थे। इसमें बाबू बनारसी नाम के एक व्यक्ति का नाम सामने आ रहा था। जब छानबीन की गई तो पता चला कि सुहेल अंसारी नाम का ही व्यक्ति बाबू बनारसी है।
जंगीपुर थाने की पुलिस एवं एसओजी टीम द्वारा बाबू बनारसी उर्फ सुहेल अंसारी को गिरफ्तार किया गया। पकड़ी गई इसकी बहन राइसा बानो गिरोह की सक्रिय सदस्य है। एसपी सिटी, एसपी ग्रामीण और सीओ के नेतृत्व में टीम का गठन करके गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार करने की प्रक्रिया जारी है। तस्करों को गिरफ्तार करने वाली सफलता प्राप्त टीम को पुलिस अधीक्षक की ओर 25 हजार नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई।