दिलदारनगर थाना पुलिस ने बुधवार की शाम 40 लाख की हेरोइन के साथ एक तस्कर को धर-दबोचा। वहीं जंगीपुर थाने का 25 हजार का इनामी चकमा देकर भागने में सफल रहा। बृहस्पतिवार को पुलिस अधीक्षक रोहन पी बोत्रे ने पत्रकार वार्ता में पुलिस को मिली सफलता की जानकारी दी।
एसपी ने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में देर शाम भ्रमण कर रही थी। मुखबिर से मिली सूचना पर टीम ने मिर्चा मोड़ के पास घेराबंदी करके एक तस्कर को धर-दबोचा। जबकि दूसरा तस्कर और 25 हजार का इनामी भागने में सफल रहा। गिरफ्तार तस्कर नगर कोतवाली के नुरूद्दीनपुरा मुहल्ला निवासी फैजान अहमद है। उसके पास से टीम ने करीब 40 लाख रुपये की 415 ग्राम हेरोइन बरामद की। वहीं फरार तस्कर जंगीपुर थाना का 25 हजार का इनामी नुरूद्दीनपुरा निवासी सरफराज अहमद है। एसपी ने बताया कि फरार इनामी को दबोचने के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पूछताछ के बाद गिरफ्तार तस्कर का चालान कर दिया गया।