गाजीपुर। डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने और छात्रों को बेहतर शैक्षिक माहौल उपलब्ध कराने के लिए राजकीय पॉलिटेक्निक काॅलेज को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। इस क्रम में एक और स्मार्ट क्लास की स्थापना होने जा रही है। इससे विद्यार्थियों को न्यू ऐज एजुकेशन का फायदा पहुंचेगा। इससे छात्र पढ़ाई के दौरान अपने प्रोजेक्ट को आसानी से समझ सकेंगे और इसके बेहतर परिणाम सामने आएंगे। शहर से कुछ दूरी पर स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक काॅलेज की स्थापना वर्ष 1991 में हुई थी। वर्तमान में यहां विद्युत, यांत्रिक एवं कृषि अभियंत्रण तीन ब्रांच संचालित हैं। इनमें कुल 479 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। समय के बदलते परिवेश में शिक्षा का स्वरूप भी बदला है। आज तकनीकी एवं डिजिटाइजेशन का जमाना है। इसके तहत काॅलेज को स्मार्ट क्लासरूम और लैंग्वेज लैब से लैस किया जा रहा है। इससे छात्रों को व्यावहारिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी। संस्थान में तीन स्मार्ट क्लास पहले से स्थापित थे। वर्तमान में एक और स्मार्ट क्लास की स्थापना होने जा रही है। इसके अलावा काॅलेज को अपग्रेड करने के क्रम में टाटा टेक्नोलाॅजी लिमिटेड के सहयोग से संस्थान में सेंटर आफ एक्सीलेंस स्थापित किया जाएगा। पहले चरण में चयनित 45 काॅलेजों में गाजीपुर का भी चयन किया गया है। काॅलेज के प्रधानाचार्य विवेक कुमार ने बताया कि स्मार्ट क्लास बनने से छात्र पढ़ाई के दौरान अपने प्रोजेक्ट को आसानी से समझ सकेंगे और इसके बेहतर परिणाम सामने आएंगे। स्मार्ट क्लास के उपयोग से शिक्षकों को छात्रों के साथ बातचीत करने के लिए अधिक समय मिलेगा।