गहमर। स्थानीय थाने पर शनिवार को नायब तहसीलदार कौशल चौरसिया और कोतवाल पवन उपाध्याय की मौजूदगी में थाना दिवस का आयोजन किया गया। 10 बजकर 5 मिनट पर कोतवाल पहुंचे तो वहीं नायब तहसीलदार समय से एक घंटे विलंब थाना दिवस पर पहुंचे। इस दौरान जनसमस्याओं के निस्तारण के लिए राजस्व, पुलिस सहित अन्य विभागों के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे। थाना दिवस पर कुल छह वाद पड़े थे, जिसमें दो को तुरंत निस्तारित किया गया।
थाना क्षेत्र के बारा गाव निवासी अमजद खान जमीनी विवाद में हुए मारपीट का मुकदमा दर्ज कराने आए थे पुलिस ने तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया। श्रीराम ने जमीन के विवाद को लेकर थाना दिवस पर अपना आवेदन दिया। नायब तहसीलदार द्वारा हल्के के लेखपाल को मौका-मुआयना करने का निर्देश दिया गया। लहना गांव निवासी रामप्रवेश कुशवाहा विगत कई माह से जमीनी विवाद को लेकर थाना दिवस पर प्रार्थना पत्र दिए। संबंधित कर्मचारियों को मामला निस्तारित करने का निर्देश दिया गया। ऐसे ही हनुमंत राम ने लेखपाल के ऊपर आरोप लगाया कि आदेश के बावजूद लेखपाल उनकी जमीन की पैमाइश नहीं कर रहा है।