श्रावणी पर्व एवं ईद-उल-अजहा को लेकर क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों की बैठक शुक्रवार को सैदपुर कोतवाली में हुई। इस दौरान लोगों से सौहार्द बनाए रखने और आपसी भाईचारे के बीच त्योहार मनाने की अपील की गई। क्षेत्राधिकारी बीएस वीर कुमार ने कहा कि कोविड गाइडलाइन का ध्यान रखते हुए कांवड़ियों को पूजन-अर्चन करना होगा। उन्होंने ईद-उल-अजहा पर कुर्बानी देने वाले लोगों को भी गाइडलाइन का पालन करने को कहा। तहसीलदार दिनेश कुमार ने कहा कि जलाभिषेक के दौरान अति उत्साह में गाइडलाइन का दुरुपयोग नहीं किया जाना चाहिए। इस दौरान मंदिर समिति के पदाधिकारियों, पुजारियों एवं मस्जिद के मौलवी से समस्याओं की जानकारी और उनसे सुझाव भी लिए गए। बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक संजीव कुमार सिंह, रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक नरेश कुमार मीणा आदि उपस्थित थे।