राइफल क्लब में समीक्षा बैठक करते जिलाधिकारी एमपी सिंह।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। जिलाधिकारी ने लक्ष्य से कम टीकाकरण पर नाराजगी जताते हुए आठ केंद्र प्रभारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। वह बुधवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में जननी सुरक्षा योजना, जेएसवाई के भुगतान, मातृत्व मृत्यु दर की समीक्षा, परिवार कल्याण कार्यक्रम, टीकाकरण, क्षय रोग नियंत्रण, आयुष्मान कार्ड और कोविड-19 टीकाकरण की समीक्षा कर रहे थे। समीक्षा के दौरान उन्होंने कोविड-19 के टीकाकरण के लिए बाराचवर, कासिमाबाद, सुभाखरपुर, भदौरा, रेवतीपुर, गौड़उर, मनिहारी एवं जमानिया में लक्ष्य के मुकाबले कम प्रगति पर केंद्र प्रभारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और दिसंबर 2021 तक टीकाकरण फीडिग कराने का निर्देश दिया। कहा कि जो गांव छूटा है वहां तत्काल कैंप लगाकर लक्ष्य पूरा करें। प्रसव लक्ष्य के अनुरूप कराये जाने एवं लाभार्थियों एवं आशा का भुगतान समय से कराने को कहा। प्रभारी चिकित्साधिकारी मिर्जापुर, मनिहारी, जखनियां, करंडा एवं मुख्य चिकित्साधीक्षक जिला महिला चिकित्सालय को लाभार्थियों को भुगतान के निर्देश दिए। बताया गया कि परिवार कल्याण कार्यक्रम में जनपद में नवंबर 2021 तक महिला नसबंदी 2056, पुरूष नसबंदी 40 की गई है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में 10 दिसंबर तक कुल 85192 लाभार्थियो का पंजीकरण किया गया। जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आरोग्य योजनान्तर्ग जनपद में बनाये गये गोल्डेन कार्ड की जानकारी ली जिसमें बताया गया कि 221639 व्यक्तियों के गोल्डेन कार्ड बनाये गये है। जिलाधिकारी ने कहा कि कोई भी पात्र परिवार आयुष्मान कार्ड से वंचित न रहे। वहीं, बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि कोविड-19 से मृत्यु के बाद उनके आश्रितों को त्तकाल सहायता राशि उपलब्ध कराया जाए।