करंडा थाना क्षेत्र के बासुचक गांव में शुुक्रवार को पारिवारिक विवाद में सौतेले पुत्र ने हत्या के नियत से मां को लक्ष्यकर गोली मार दी थी। गोली महिला पेट में जा लगी थी। इधर वारदात को अंजाम देकर आरोपी पुत्र मौके से फरार हो गया था। परिजन घायल महिला को उपचार के लिए वाराणसी लेकर चले गए थे। जहां निजी अस्पताल में उपचार के दौरान शनिवार की शाम मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इधर घटना दूसरे दिन भी आरोपी सौतेले पुत्र की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
गांव निवासी पूर्व प्रधान मनोज सिंह की पहली शादी करीब 20 वर्ष पूर्व आजमगढ़ की पकड़ी निवासी रंजना सिंह से हुई थी। इनसे दो पुत्र हैं। शादी के करीब 10 वर्ष बाद पहली पत्नी रंजना सिंह की मौत हो गई। दोनों बच्चों के लालन-पालन के लिए परिजनों ने मनोज सिंह की दूसरी शादी अनुपमा सिंह से कराई। इनका एक मासूम पुत्र है। पिता मनोज सिंह किसी कार्य से खेत के तरफ गए थे। गोली की आवाज सुनकर जब वह घर पर पहुंचे तो पत्नी अनुपमा सिंह लहूलुहान होकर फर्श पर गिरी हुई थी। जबकि सौतेली मां को गोली मारकर पुत्र शिवांक सिंह फरार हो गया था। आनन-फानन में मनोज ग्रामीणों की मदद से घायल पत्नी अनुपमा सिंह को उपचार के लिए वाराणसी लेकर रवाना हो गए, जहां निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। शाम में उपचार के दौरान अनुपमा सिंह की मौत हो गई। पुलिस ने वाराणसी में ही पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। जहां परिजनों ने देर शाम तक वाराणसी में अंतिम संस्कार कर दिया। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश ने बताया कि महिला की मौत हो गई है। आरोपी पुत्र की तलाश जारी है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।