नगर कोतवाली के उदयपुर मोहल्ले में सोमवार की देर शाम 10.10 बजे दो पक्षों में ताजिया उठाने की बात को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान एक पक्ष ने फायरिंग कर दी। गोली एक युवक के पेट में जा लगी। जबकि दो युवक पैर में छर्रे लगने से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। पेट में गोली लगने से घायल युवक की स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया। सूचना पर एसपी रोहन पी बोत्रे मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। साथ ही मातहतों को दिशानिर्देश भी दिए।
एसपी रोहन पी बोत्रे ने बताया कि मंगलवार को ताजिया उठाना था। इसको लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ है। इसमें एक पक्ष से फायरिंग की गई है। गोली अशफाक हुसैन (40) के पेट में लगी है। जबकि शादाब आलम और आदिब के पैर और हाथ में छर्रे लगे हैं। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करा कर उपचार कराया जा रहा है। जबकि गंभीर रूप घायल युवक अशफाक हुसैन को चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया है। इस मामले में आरोपियों को चिन्हित कर दबोचने के लिए टीम गठित कर दी गई है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।