संवाद न्यूज एजेंसी
मुहम्मदाबाद। यूसुफपुर सहकारी क्रय-विक्रय समिति में बने पीसीएफ के सरकारी गेहूं क्रय केंद्र पर शुक्रवार को 52 क्विंटल गेहूं खरीद कर खरीदारी का शुभारंभ किया गया। केंद्र पर बिक्री करने आए पहले किसान बाराचवर विकास खंड के नसीरपुर के कन्हैया यादव को समिति के अध्यक्ष एवं सचिव ने मिठाई खिलाने के बाद माला पहनाकर स्वागत किया। समिति में स्थापित क्रय केंद्र मुहम्मदाबाद तहसील का पहला और जिले में तीसरा क्रय केंद्र है जहां गेहूं की खरीद हुई है। सरकार की तरफ से एक मार्च से ही खरीद शुरू कर दी गई है लेकिन गेहूं की फसल पकी न होने के कारण कटाई अप्रैल में शुरू हो सकी है। मौसम विभाग की ओर से प्रदेश में बारिश का एलर्ट जारी होने से किसान गेहूं की मड़ाई में तेजी से जुटे हैं। अभी गेहूं क्रय केंद्र पर नहीं आ रहा है। अगले सप्ताह से खरीद में तेजी आने की उम्मीद है। खरीद शुभारंभ होने के मौके पर समिति के अध्यक्ष आनंद कुमार त्रिपाठी, अपर जिला सहकारी अधिकारी मुहम्मदाबाद राधेश्याम सिंह, निदेशक राजीव कुमार राय, गोपाल सिंह यादव, शिवलाल, महेद्र सिंह यादव, देवेन्द्र पासवान, अजय पांडेय आदि मौजूद थे।