सेवराई। उपजिलाधिकारी के निर्देश पर नायब तहसीलदार के नेतृत्व में गठित दल ने सोमवार को तहसील मुख्यालय स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। इस दौरान दो दुकानों में खामियां मिलीं। नायब तहसीलदार पंकज कुमार ने बताया कि एक मिष्ठान के कारखाने में गंदगी एवं अस्वच्छ वातावरण में मिठाइयां बनती मिलीं। टीम ने मौके पर लगभग 200 किलो चीनी शीरा और 10 किलो गुलाब जामुन को नष्ट कराया। साथ ही दुकान में रखे कोल्ड ड्रिंक को तत्काल नष्ट करने या कंपनी को लौटाकर रसीद देने का निर्देश दिया। श्रमिकों की मेडिकल जांच रिपोर्ट भी प्रस्तुत करने के आदेश दिए। इसके बाद टीम ने एक केक प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। यहां भी उत्पादन क्षेत्र में गंदगी पाई गई। जांच में पाया गया कि 30 लीटर चीनी शीरा और पनीर निर्माण में प्रयुक्त 45 लीटर पानी अस्वच्छ था, जिसे नष्ट करा दिया गया। टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करते हुए निर्धारित समय में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। निर्धारित समय में जवाब न देने की स्थिति में खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम-2006 के तहत विधिक कार्रवाई करने की चेतावनी दी। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कनौजिया, अरविंद प्रजापति, वीरेंद्र यादव आदि मौजूद रहे। संवाद