लठ्ठूडीह चट्टी के सामने मुहम्मदाबाद चितबाड़ागांव मार्ग पर तिरछा खड़ा ट्रक। संवाद
लठ्ठूडीह। करीमुद्दीनपुर थानाक्षेत्र के लठ्ठूडीह गांव में रविवार को ट्रक का हॉर्न बजाने पर मनबढ़ दुकानदारों ने चालक के सिर पर लाठी मारकर घायल कर दिया। गुस्साए चालक ने बालू लदे ट्रक को मुहम्मदाबाद-चितबड़ागांव मार्ग पर करीब 10 मिनट तक तिरछा खड़ा कर जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची डॉयल 112 की टीम ने चालक को समझाकर यातायात को सुचारु करवाया। थानाध्यक्ष रमेश कुमार पटेल ने बताया कि बिहार के खंडवा निवासी चालक अमित यादव ने तहरीर बताया कि, ट्रक में बालू लादकर बेल्थरा रोड जनपद के मऊनाथभंजन को जा रहा था। लठ्ठूडीह गांव के पास आगे मौजूद वाहन को लेकर हॉर्न बजाने पर फल दुकानदार निब्बू चौहान और संतलाल चौहान गाली-गलौज करते हुुए सिर पर लाठी से हमला कर भाग गए। इसके बाद गुस्साए चालक ने करीब 10 मिनट तक मुहम्मदाबाद-चितबड़ागांव मार्ग पर ट्रक को तिरछा खड़ा कर दिया। हालांकि, इस दौरान मार्ग पर यातायात कम होने किसी को कोई परेशानी नहीं हुुई। सूचना पर पहुंची डॉयल 112 की टीम ने चालक को समझाकर ट्रक को वहां से हटाया, जिससे यातायात फिर से बहाल हुई। घायल ट्रक चालक का इलाज कराया गया। वहीं, घायल चालक की तहरीर पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।