गाजीपुर। शहर कोतवाली के वीर अब्दुल हमीद सेतु पर सोमवार को एक युवक कार खड़ी कर गंगा में कूद गया। रजागंज चौकी प्रभारी व एक पुलिस कर्मी ने नाविक के साथ एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद एक किमी दूर पानी से युवक को बाहर निकालकर बचा लिया। निजी अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। सोमवार को हृदयगति रुकने से युवक की मां का निधन हो गया था। इससे सदमे में आकर उसने आत्मघाती कदम उठाया। सुबह वीर अब्दुल हमीद सेतु पर वाहनों का आवागमन बना था। करीब 11 बजे युवक कार से पहुंचा और वाहने किनारे खड़ा रेलिंग से गंगा में कूद गया। यह देख राहगीर शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर रजागंज चौकी पर तैनात सिपाही ने तत्काल जानकारी रजागंज चौकी प्रभारी राजेश कुमार सिंह को दी। वे बिना विलंब किए कुछ दूरी पर मौजूद नाविक विक्की चौधरी को बुलाया और स्वयं ही नाव पर सवार होकर युवक की तलाश में निकल पड़े। घटना स्थल से करीब एक किमी दूर नाविक विक्की चौधरी की मदद से पानी से बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए पास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अचेत युवक ने होश में आने पर अपना नाम नगर कोतवाली के लंका स्थित प्रोफेसर कॉलोनी निवासी अतुल राय (45) बताया। पुलिस को अतुल राय ने बताया कि उनकी वृद्ध माता प्रेमलता का हृदयगति रुकने से सुबह निधन हो गया। वह इस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर सके और निजी कार लेकर सीधे सेतु पर पहुंच गए। वहां वाहन खड़ा कर गंगा में छलांग लगा दी। रजागंज चौकी प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना परिजनों को दी गई। युवक की पत्नी सोनल राय सहित अन्य परिजन पहुंच गए। पत्नी सोनल राय ने बताया कि सास की मौत से पति अतुल राय सदमे में थे। घटना से सेतु पर जाम जैसी स्थिति बनी रही। पुलिस ने किसी तरह जाम समाप्त कराया। शहर कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि मां के निधन से सदमे में आकर युवक ने गंगा में छलांग लगा दी थी। रजागंज पुलिस चौकी ने तत्काल नाविक को लेकर घटना स्थल पर पहुंचे और युवक को बचा लिया। उपचार चल रहा है।