महाशिवरात्रि पर्व पर आज शहर के गोराबाजार स्थित बड़ा महादेव मंदिर में होगी दर्शन-पूजन की धूम।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। जिले में महाशिवरात्रि पर भक्त बृहस्पतिवार को देवाधिदेव का दर्शन-पूजन करेंगे। शिवालयों में रुद्राभिषेक समेत कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस दौरान मंदिर हर-हर महादेव से गूंजते रहेेंगे। महाशिवरात्रि को देखते हुए बुधवार को देर शाम तक शिव मंदिरों में भक्त और पुजारी तैयारियों को अंतिम रूप देते रहे। वहीं, सुरक्षा की दृष्टि से मंदिरों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। महाशिवरात्रि पर मरदह के महाहर मंदिर के साथ ही शहर के बड़ा महादेवा, बाबा अमरनाथ, चीतनाथ स्थित कोटेश्वर नाथ, अति प्राचीन शिव मंदिर मिश्रबाजार, लालदवाजा स्थित अभयेश्वर महादेव शिव मंदिर, नवापुरा आदि शिवालयों पर भक्तों की भीड़ उमड़ेगी। वहीं, सैदपुर के बूढ़ा महादेव, करीमुद्दीनपुर के ऊंचाडीह सहित कई अन्य शिव मंदिरों पर भक्त दर्शन-पूजन कर जलाभिषेक करेंगे। पर्व की तैयारी पूरी कर ली गई है। विभिन्न मंदिरों में साफ-सफाई के साथ ही रंग-रोगन का कार्य कर बिजली की आकर्षक सजावट की गई है। पुलिस प्रशासन की ओर से मंदिरों के पास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।