गाजीपुर। वाराणसी परिक्षेत्र के अपर पुलिस महानिदेशक पीयूष मोर्डिया ने बुधवार को दिन में विनीत राय हत्याकांड के मुख्य आरोपी शंकर पांडेय और उसके सहयोगी गौशाबाद निवासी कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके बाद पूरे प्रदेश की पुलिस के साथ-साथ एसटीएफ की टीम भी कटरा गैंग के सरगना शंकर पांडेय और उसके सहयोगी कमलेश चौधरी की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश देने लगी तथा अपने सूचना तंत्र को सक्रिय कर दिया। इसका परिणाम यह रहा कि शाम होते-होते कमलेश चौधरी के कोतवाली क्षेत्र के कुर्था आदर्श बाजार इलाके में छिपे होने की सूचना पुलिस को मिल गई। इसके बाद पुलिस और स्वाट टीम ने चिह्नित स्थान की घेराबंदी कर आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया।