पहली किस्त की एक करोड़ 34 लाख से अधिक की धनराशि जिले को मिली
शासन ने कार्यदाई संस्था किया नामित
स्वच्छ पानी, शौचालय, बैडमिंटन कोर्ट, प्रयोगशाला और होगा पुस्तकालय का कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। राजकीय माध्यमिक विद्यालयों का कायाकल्प किया जाएगा। प्रोजेक्ट अलंकार के तहत होने वाले इस कार्य के लिए जिले के सात राजकीय बालिका इंटर कालेजों का चयन किया गया है। इसके लिए पहली किस्त के रूप में 1.34 करोड़ से अधिक की धनराशि जिले को प्राप्त हो गई है।
जिले में कुल 28 राजकीय माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। इसमें सोलह राजकीय हाईस्कूल एवं बारह इंटरमीडिएट कालेज हैं। इन इंटर कालेजों में 11 बालिकाओं के हैं जबकि एक इंटर कालेज बालकों का है। माध्यमिक शिक्षा में गुणात्मक सुधार लाने के लिए सरकार की ओर से जहां प्रयास किया जा रहा है वहीं वह इन विद्यालयों की सूरत संवारने जा रही है। इन विद्यालयों में सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
इसके लिए प्रोजेक्ट अलंकार के तहत जिले के सात विद्यालयों का चयन कर उनका कायाकल्प किया जाएगा। चयनित सभी विद्यालय राजकीय बालिका इंटर कालेज हैं। इनमें राजकीय बालिका इंटर कालेज मुहम्मदाबाद, जीजीआईसी जमानिया, दिलदारनगर, सैदपुर, नारी पचदेवरा, गहमर एवं राजकीय बालिका इंटर कालेज गंगौली शामिल है। शौचालय, प्रयोगशाला, मल्टी परपज हाल, स्वच्छ पानी, पुस्तकालय एवं बैडमिंटन कोर्ट आदि का निर्माण कार्य इन विद्यालयों में कराया जाएगा।
सुविधाओं का विस्तार होने से संबंधित विद्यालयों की छात्राओं को काफी लाभ मिलेगा। इसके लिए शासन की ओर से एक करोड़ 34 लाख 56 हजार की पहली किस्त जिले को प्राप्त हो गई है। उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण एवं सहकारी संघ लिमिटेड को कार्यदाई संस्था नामित किया गया है। जल्द ही टेंडर एवं निर्माण संबंधी अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। अगर सब कुछ ठीक रहा तो बहुत जल्द इन विद्यालयों का कायाकल्प करने का कार्य शुरू हो जाएगा।
0000
0000 कोट 0000
शासन की ओर से जिले को पहली किस्त के रूप में एक करोड़ 34 लाख 56 हजार की धनराशि प्राप्त हो गई है।- अशोकनाथ तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक
0000
इनसेट
छूटे परीक्षार्थियों की प्रायोगिक परीक्षा पांच और छह को
गाजीपुर। जिले में वर्ष 2023 की इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं संपन्न हो चुकी है। फिर भी अभी 87 परीक्षार्थी प्रयोगात्मक परीक्षा देने से वंचित रह गए हैं। इन परीक्षार्थियों के लिए बोर्ड की तरफ से एक मौका और देते हुए पांच और छह अप्रैल की तिथि घोषित की गई है। छूटे हुए परीक्षार्थियों के लिए यह अंतिम मौका है। इससे पूर्व छूटे हुए परीक्षार्थियों को 11 एवं 12 फरवरी को एक मौका दिया जा चुका है। माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी के उप सचिव ने बताया कि गाजीपुर में 87 परीक्षार्थी प्रयोगात्मक परीक्षा में अनुपस्थित रहे हैं। इनमें भौतिक विज्ञान में 37, रसायन विज्ञान में 27, जीव विज्ञान में 17, भूगोल में एक, गृह विज्ञान में दो, व्यवसायिक ट्रेड में दो और कंप्यूटर में एक परीक्षार्थी शामिल है। छूटी हुई परीक्षा सीसीटीवी की निगरानी में होगी।