गाजीपुर। जिले के 2266 परिषदीय विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक के छात्र-छात्राओं की सत्र परीक्षा 18 से 23 अगस्त तक होगी।
इसके लिए कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इसके अनुसार 18 अगस्त को सुबह साढ़े आठ बजे से पहली पाली में एक से पांच तक के सभी विषयों की मौखिक परीक्षा होगी। कक्षा छह से आठ तक के छात्रों की कला, कृषि और गृहशिल्प की परीक्षा साढ़े दस बजे तक चलेगी। दूसरी पाली में साढ़े 11 बजे से डेढ़ बजे तक कक्षा छह से आठ की खेल एवं शारीरिक शिक्षा और स्काउटिंग की परीक्षा होगी। इसी प्रकार 19 अगस्त को पहली पाली में कक्षा दो और तीन में गणित, चार से छह तक हिंदी और सात से आठ तक की कक्षाओं में विज्ञान की परीक्षा होगी जबकि द्वितीय पाली में संस्कृत और उर्दू की परीक्षा होगी। 20 को कक्षा तीन में हिंदी और चार से आठ तक सामाजिक विज्ञान की परीक्षा होगी। वहीं दूसरी पाली में सभी कक्षाओं में दो से आठ तक अंग्रेजी विषय की परीक्षा होगी। 21 को कक्षा दो में हिंदी और तीन में सामाजिक विज्ञान के साथ शेष सभी कक्षाओं में गणित की परीक्षा होगी। द्वितीय पाली में कला संगीत की परीक्षा होगी। इसी तरह 22 को कक्षा तीन से पांच तक कार्यानुभव एवं नैतिक शिक्षा और छह में विज्ञान और सात और आठ में हिंदी की परीक्षा होगी। द्वितीय पाली में कक्षा 6, 7, 8 में पर्यावरण अध्ययन की परीक्षा होगी। यह परीक्षा कार्यक्रम सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के लिए भी लागू होगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने बताया कि निर्धारित समय सारिणी के अनुसार परीक्षा संपन्न कराने का सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया गया है।