बारा। सर्वर डाउन की समस्या ने उपभोक्ताओं को परेशान कर दिया है। सर्वर डाउन होने की वजह से बृहस्पतिवार को बारा में आयोजित बिजली कैंप में सैकड़ों उपभोक्ता बिजली बिल जमा किए बिना वापस घर लौट गए।राजस्व वसूली व विद्युत संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए विद्युत विभाग ने बृहस्पतिवार को बारा में कैंप का आयोजन किया। एक मुश्त समाधान योजना के तहत घरेलू और नलकूप कामर्शियल विद्युत कनेक्शन पर 100 प्रतिशत ब्याज माफी योजना चल रही है। इसको लेकर बड़ी संख्या में उपभोक्ता कैंप में पहुंचे थे, लेकिन सर्वर डाउन होने के कारण घंटों लाइन में लगे रहने के बाद मायूस होकर घरों को लौटने लगे। जेई रामप्रवेश चौहान ने बताया कि विद्युत समस्याओं का समाधान करने के लिए बारा पुलिस चौकी के सामने खान इलेक्ट्रानिक पर शिविर लगाया गया था।
सर्वर डाउन होने के कारण उपभोक्ताओं के बिल जमा नहीं हो सके। एसडीओ कमलेश प्रजापति ने बताया कि यह तकनीकी समस्या है।। उपभोक्ताओं को बिल जमा करने व विद्युत संबंधित समस्याओं से निजात दिलाने के लिए हर संभव कार्य किया जाएगा। वहीं, कई उपभोक्ताओं का आरोप था कि बकाया बिल जमा करने के लिए विभाग के चक्कर लगाने पड़ते हैं।