रेवतीपुर। थाना क्षेत्र के एक गांव से दो दिन पहले लापता किशोरी गंभीर रूप से घायल अवस्था में सोमवार की शाम धान की खेत में मिली। गले और सिर पर गहरे चोट के निशान थे। पुलिस ने महिला अस्पताल में उसका मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद यहां से वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। पीड़िता के पिता ने एक नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मंगलवार को एसपी और सेवराई एसडीएम ने भी मौका मुआयना किया। पीड़िता के परिजनों ने पुलिस को बताया कि बीते 11 नवंबर की शाम को पुत्री घर से खेत के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक नहीं लौटी। परिवार के लोग रातभर लोगों ने रात भर उसकी तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। दूसरे दिन परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को देने के साथ दूसरे गांव के तीन अज्ञात के खिलाफ किशोरी को भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। सोमवार की शाम ग्रामीण खेतों में धान की कटाई कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर खून से लथपथ अचेत किशोरी पर पड़ी। शोर मचाने पर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धारदार हथियार से किशोरी का गला रेता हुआ है। सिर पर भी गंभीर चोट के निशान थे और कपड़े अस्त-व्यस्त थे। इससे सामूहिक दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल किशोरी को सीएचसी पहुंचाया, जहां से मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने महिला अस्पताल में किशोरी का मेडिकल कराया और वहां से वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कुछ संदिग्धों से पुलिस पूछताछ कर रही है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।