गाजीपुर। सिटी रेलवे स्टेशन पर डीएफएमडी (डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर) के सहारे सुरक्षा-व्यवस्था को सख्त करने की कवायद चल रही है। अगर कोई यात्री मादक पदार्थ व प्रतिबंधित वस्तुओं को प्लेटफाॅर्म पर ले जाने की कोशिश करेगा, तो वह पकड़ में आ जाएगा। सिटी रेलवे स्टेशन के गेट संख्या एक पर टिकट काउंटर के पास डीएफएमडी लगाया जा रहा है। डीएफएमडी के अंदर से गुजरने वाले व्यक्ति के पास यदि मेटल का कोई भी सामान है तो मशीन से बीप की आवाज आनी शुरू हो जाएगी और लाल बत्ती जल जाएगी। यदि कोई हथियार या अन्य हैवी मेटल लेकर जाने की कोशिश करेगा तो इससे मशीन की सभी लाल बत्तियां जल जाएंगी और बीप की आवाज तेज हो जाएगी। इसके लिए इस मशीन के पास आरपीएफ का जवान तैनात रहेगा। शक होने पर हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से उसकी जांच की जाएगी। डीएफएमडी यात्रियों के सामान की सुरक्षा जांच के लिए अहम भूमिका निभाएगा। इसके अलावा, बैटरी बैकअप की सुविधा भी जाएगी। इससे यह दो घंटे तक लगातार काम कर सकेगा। सिटी रेलवे स्टेशन को पहले ही लगेज स्कैनर मशीन की सौगात मिल चुकी है। डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर के बाद व्यवस्था और पुख्ता होगी। एक सप्ताह के अंदर सिटी रेलवे स्टेशन पर डीएफएमडी लगाने की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।