गाजीपुर। सचिव संगठन के पदाधिकारियों ने राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष अंबिका प्रसाद दुबे के नेतृत्व में जिलाधिकारी एमपी सिंह से मुलाकात की। इस दौरान सचिवों ने चार सूत्रीय मांग-पत्र सौंपा जिस पर डीएम ने प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन भी दिया। वक्ताओं का गबन के मामलों में सचिवों पर कार्रवाई के बारे में स्पष्ट मत था कि सारे सचिव दोषी नहीं हैं। जबकि चार से छह सचिवों की वजह से जिला और मंडल का नाम बदनाम हो रहा है। डीएम ने कहा कि शासनादेश के अनुरूप ही कार्य कराए जाएं। शासनादेश के विपरीत कार्य कराए जाने पर अथवा वित्तीय अनियमितता मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष सूर्यभानु राय ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में अगले सप्ताह किसी कार्यदिवस में जिला मुख्यालय पर सभी सचिवों की बैठक कर उन्हें जिला प्रशासन की मंशा से अवगत करा दिया जाएगा। इस मौके पर परिषद के मंत्री ओमप्रकाश यादव, पवन पांडेय, बैजनाथ तिवारी, कंचन कुमार जायसवाल, सुरेंद्र यादव मौजूद थे।