गाजीपुर। पुलिस भर्ती परीक्षा जनपद के 12 केंद्रों पर शनिवार को भी आयोजित की गई। दूसरे दिन की परीक्षा में कई सवाल ऐसे थे जिसे परीक्षार्थियों ने झटपट हल कर लिया, लेकिन कई घुमावदार और जटिल सवालों के जवाब केवल अच्छी तैयारी करने वाले परीक्षार्थी ही दे पाए। बड़ी संख्या में परीक्षार्थी तो ब्लड रिलेशन के भी सवाल में गलती कर गए। वहीं, परीक्षा में भारत की पहली महिला पीएम, जी-20 का मतलब, क्रिकेट में रनों के औसत निकालने से जुड़े सरल सवाल भी पूछे गए थे। अच्छी तैयारी न कर पाने वाले परीक्षार्थी संविधान, शिखर सम्मेलन, साइबर सुरक्षित भारत के जुड़े सवालों में भी गच्चा खा गए। सबसे अधिक परेशानी परीक्षार्थियों को गणित और विज्ञान के जुड़े सवालों को हल करने में हुई।
पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे तक आयोजित हुई। जबकि दूसरी पाली की परीक्षा अपराह्न तीन बजे से लेकर 5 बजे तक हुई। इस दौरान पहली पाली में पांच हजार 16 परीक्षार्थियों में 2665 अनुपस्थित रहे। वहीं, दूसरी पाली में 5016 में 1960 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस तरह 1032 परीक्षार्थियों में 4 हजार 625 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। नोडल अधिकारी ज्ञानेंद्र ने बताया कि परीक्षा के दौरान कहीं से कोई गड़बड़ी की शिकायत नहीं मिली। उधर, डीआईजी वाराणसी रेंज ओमप्रकाश सिंह परीक्षा के दूसरे दिन जनपद में आए। उन्होंने डीएम आर्यका अखौरी, एसपी डॉ. ईरज राजा के साथ परीक्षा केंद्र सुभाष इंटर काॅलेज फतेउल्लाहपुर, गाजीपुर, शिवकुमार शास्त्री इंटर काॅलेज जंगीपुर, गाजीपुर, राजकीय पालिटेक्निक काॅलेज, गाजीपुर, इंटर काॅलेज खालिसपुर, गाजीपुर, राजकीय बालिका इंटर काॅलेज महुआबाग गाजीपुर का निरीक्षण किया। केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा, स्ट्रांग रूम, चेकिंग, फेस्टिंग, बायोमेट्रिक व्यवस्था देखी। डीएम ने कहा कि जनपद में 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा संपन्न कराने के लिए जोनल, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट के अलावा पर्याप्त पुलिस बल भी लगाया गया। उन्होंने सेक्टर/स्टेटिक मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया है कि अपने अपने कार्यों एवं दायित्वों को शत प्रतिशत निर्वहन करें। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
-
पुलिस भर्ती की परीक्षा की लगातार निगरानी की जा रही है। सभी परीक्षार्थियों का प्रवेश के समय बायोमेट्रिक वैरीफीकेशन किया जा रहा है। - ओम प्रकाश सिंह, डीआईजी वाराणसी रेंज
एआई और ड्रोन कैमरों से हो रही केंद्रों की निगरानी
गाजीपुर। दोनों पालियों में परीक्षार्थियों को कड़ी निरानी के साथ ईकेवाईसी समेत तीन चरणों की स्क्रीनिंग से गुजरना पड़ा। जांच के दौरान परीक्षार्थियों के जूते-मोजे और हाथों से कलावे और राखियां खुलवाईं गईं। महिला अभ्यार्थियों की तलाशी के लिए प्रत्येक केंद्र पर चेजिंग रूम बनाएं गए थे, जहां उनकी तलाशी ली गई। केंद्रों की निगरानी के लिए एआई और ड्रोन कैमरों की भी मदद ली गई। इसके लिए प्रत्येक केंद्र पर कंट्रोल रूम की स्थापना की गई थी। ताकि हर स्तर पर निगरानी की जा सकें। केंद्रों पर निगहबानी के लिए एक सेक्टर व एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात रहे।
पुलिस भर्ती में प्रतिक्रिया
पुलिस में नौकरी करके वह देश एवं समाज की सेवा करना चाहते हैं। इसलिए जीजीआईसी स्थित केंद्र पर पुलिस आरक्षी भर्ती की परीक्षा दी है। पेपर अच्छा हुआ। इसमें सब कुछ सामान्य रहा। सामान्य ज्ञान और गणित के प्रश्न कुछ कठिन थे।- विश्वामित्र सिंह, बलिया
रोडवेज की बस से यहां परीक्षा देने आया हूं। मुझे गणित के सवाल कठिन लगे। पेपर में जीएस का स्तर भी कुछ कठिन था। जबकि शेष प्रश्न संतुलित थे। प्रश्नपत्र में पूछे गए सभी सवाल हल कर दिए हैं। परीक्षा देने के लिए जब वह यहां आए तो उन्हें कोई विशेष दिक्कत या परेशानी नहीं हुई।- संदीप प्रजापति, कौशांबी
पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर वह काफी समय से तैयारी कर रही थीं। पेपर में गणित के प्रश्नों ने थोड़ा परेशान किया, शेष सभी प्रश्न सामान्य रहे। 150 बहुविकल्पीय प्रश्न आए थे, सभी हल कर दिए। विश्वास है कि लिखित परीक्षा में वह उत्तीर्ण हो जाएंगी।- प्रियंका यादव, रामनगर
सामान्य ज्ञान और करेंट अफेयर्स के तमाम प्रश्न रहे। जीएस के प्रश्न सरल रहे जबकि गणित के सवाल कुछ कठिन थे। पेपर बढ़िया हुआ है। कई सवाल उन्होंने आसानी से हल कर लिए। इसके लिए तैयारी पहले से ही कर रही थी।- निधि सिंह, बलिया