मौधा। सैदपुर के एसडीएम विक्रम सिंह और बीडीओ दिनेश कुमार मौर्य ने बुधवार को पशु चिकित्सा टीम के साथ क्षेत्र के मिर्जापुर और रामपुर स्थित पशु आश्रय स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अपनी निगरानी में भूसा, खली-चोकर आदि की व्यवस्था कराई और पशुओं का नियमित टीकाकरण कराने का निर्देश दिया। 31 मई को अमर उजाला ने सैदपुर ब्लाक मुख्यालय के नजदीक मिर्जापुर गांव के कोल्ड स्टोरेज परिसर में स्थित पशु आश्रय स्थल की खबर ‘पशु आश्रय स्थलों में भूख बीमारी से दम तोड़ रहे पशु’ शीर्षक से प्रकाशित की थी। जिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लिया था। उनके निर्देश पर पशु आश्रय स्थलों पर पहुंची टीम ने पशुओं के लिए आहार और पानी की उपलब्धता देखी और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का निर्देश दिया।