एसडीएम ने अवैध रूप से हो रहे मिट्टी खनन की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मौके से मिले दो ट्रैक्टर और एक जेसीबी को सीज कर दिया। खनन अधिकारी द्वारा दोनों ट्रैक्टर और एक जेसीबी पर जुर्माना की कार्रवाई की गई है।
गहमर कोतवाली क्षेत्र के करहिया गांव के पास बीते कई दिनों से ग्रामीणों के द्वारा अवैध रूप से हो रहे मिट्टी खनन की शिकायत की जा रही थी। मंगलवार की दोपहर सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसडीएम सेवराई राजेश प्रसाद चौरसिया ने मौके से दो ट्रैक्टर ट्राली पर मिट्टी लदे मिलने के साथ ही मिट्टी की खुदाई कर रहे एक जेसीबी को भी सीज करने के लिए पुलिस को निर्देशित किया। मालूम हो कि शासन द्वारा मिट्टी खनन पर पूर्णत: रोक लगा दी गई है। किसानों के भूमि समतलीकरण अन्य कार्यों में जरूरत पड़ने वाली मिट्टी के लिए सक्षम अधिकारी द्वारा आदेश मिलने के बाद ही मजदूरों के जरिए मिट्टी खनन किया जाना है। बावजूद इसके खनन माफियाओं द्वारा अवैध रूप से जेसीबी के जरिए मिट्टी खनन का कारोबार धड़ल्ले से किया जा रहा था। एसडीएम द्वारा हुई इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मचा है। एसडीएम सेवराई राजेश प्रसाद चौरसिया ने बताया कि किसी भी दशा में तहसील क्षेत्र में अवैध रूप से मिट्टी खनन का कार्य नहीं होने दिया जाएगा। सीज किए गए जेसीबी खनन अधिकारी पांच लाख रुपये एवं दोनों ट्रैक्टरों पर 50-50 हजार रुपये जुर्माने की संस्तुति की गई है।