गाजीपुर। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की विज्ञान विषय में रुचि बढ़ाई जाएगी। इसके लिए शासन की ओर से 329 उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों को विज्ञान की किट उपलब्ध करा दी गई है। विज्ञान की किट में भी प्रयोगात्मक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी,जिससे बच्चों को किसी भी वस्तु या विषय को समझने और शिक्षक को उसे समझाने में आसानी होगी। प्राथमिक शिक्षा में गुणात्मक सुधार लाने के लिए सरकार की तरफ से तमाम जतन किए जा रहे हैं। इस क्रम में परिषदीय विद्यालयों में छात्रों को शिक्षण कार्य के लिए टीचिंग लर्निंग मटीरियल (टीएलएम) उपलब्ध कराया जाता है। जिले में 2266 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें 1462 प्राथमिक, 350 उच्च प्राथमिक एवं 454 कंपोजिट विद्यालय हैं। जिला समन्वयक प्रशिक्षण सर्वजीत यादव ने बताया कि 329 उच्च प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों के लिए विज्ञान किट उपलब्ध कराई गई है। किट में प्रयोगात्मक सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इन स्कूलों के बच्चे अब विज्ञान किट के माध्यम से सीखेंगे। इस किट में प्रयोग करके सीखने के विभिन्न औजार शामिल हैं, जैसे टेलिस्कोप, परखनली, चुंबक, कंपास और थर्मामीटर। जिला समन्वयक प्रशिक्षण ने बताया कि इसका उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना, व्यावहारिक ज्ञान देना और गणित एवं विज्ञान जैसे विषयों को मजेदार बनाना है, जिससे उनकी सीखने की क्षमता बढ़े और वह अपने आसपास की दुनिया के बारे में बेहतर समझ सकें। संवाद