जूनियर हाई स्कूल सैदपुर में मास्क लगाकर पढ़ती बालिकाएं।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर/ औड़िहार। कोरोना संक्रमण काल के दस माह बाद जूनियर स्तर की कक्षाएं बुधवार से शुरू हो गईं। पूर्वांह्न नौ बजे विद्यालयों में एक बार फिर प्रार्थना गूंज उठी। कक्षाओं में पढ़ाई के साथ ही एक बार फिर पठन पाठन की रौनक लौट आई। विद्यालय में साफ-सफाई और सोशल डिस्टेंसिंग तो दिखी लेकिन नहीं दिखी तो मेडिकल टीम। जिसे व्यवस्थाओं को परखना था। इस दौरान कम ही जगह सैनिटाइजर का इस्तेमाल देखने को मिला। यह अमर उजाला टीम को कई स्कूलों के भ्रमण के दौरान देखने को मिला। सुबह 8.30 बजे टीम सैदपुर स्थित जूनियर हाईस्कूल पहुंची। प्रधानाध्यापिका निर्मला देवी अनुचर दिलीप कुमार को साफ-सफाई का निर्देश दे रही थीं। 8.40 बजे सहायक अध्यापक चंद्रशेखर एवं जितेंद्र सोनकर पहुंचे। उन्होंने भी कक्षाओं में लगे डेस्क एवं बेंच को दूरी पर रखने का काम शुरू किया। 8.45 बजे सहायक शिक्षिका अंजू राय, सविता गुप्ता, अमरावती दिवाकर, कुमुद श्रीवास्तव सहित अन्य शिक्षिकाएं पहुंची। तब-तब विद्यालय परिसर में शिक्षार्थी पहुंचने लगे थे। 9 बजे प्रार्थना के बाद 15 मिनट तक छात्र-छात्राओं को व्यायाम कराया गया। 9.15 बजे उन्हें सोशल डिस्टेंसिंग के बीच कक्षाओं में बैठाया गया। दोपहर एक बजे मध्यावकाश के दौरान बच्चों ने भोजन किया। 1.30 बजे से कक्षाओं का पुन: संचालन शुरू हो गया। अपराह्न तीन बजे छुट्टी होते ही विद्यालय से बाहर निकले छात्र-छात्राओं के चेहरे पर संतुष्टि के भाव दिखाई पड़ रहे थे। विद्यालय खुलने के प्रथम दिन 50 प्रतिशत छात्र-छात्राओं की उपस्थिति दिखाई पड़ी। इसमें भी छात्राओं की संख्या अधिक थी। उधर, प्राइवेट स्कूलों में भी सोशल डिस्टेंसिंग के बीच पढ़ाई शुरू हुई। काफी दिन बाद मिलने पर दास्त एक दूसरे की हालचाल लेते रहे।