गाजीपुर। प्रदेेश के सभी शिक्षा बोर्डों के कक्षा-नौ से 12 तक के विद्यालय सोमवार से खुल जाएंगे और पठन-पाठन शुरू हो जाएगा। सभी विद्यालयों पर कोविड-19 के निर्देशानुसार तैयारी कर ली गई है। सभी विद्यालय खुले कि नहीं और उसमें शिक्षण कार्य प्रारंभ हुआ कि नहीं, इसकी मॉनीटरिंग करके रिपोर्ट जिला विद्यालय निरीक्षक को भेजने के लिए राजकीय और एडेड माध्यमिक विद्यालयों के 90 प्रधानाचार्यो को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। प्रत्येक नोडल अधिकारी को 12 से 14 के बीच मॉनीटरिंग के लिए विद्यालय आवंटित किए गए हैं। नोडल अधिकारी अपनी रिपोर्ट से जिला विद्यालय निरीक्षक डा. ओपी राय को अवगत कराएंगे। डीआईओएस ने बताया कि विद्यालय में उपस्थिति के लिए लचीला रूख अपनाया जाएगा। किसी छात्र को विद्यालय आने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा। विद्यालय में अगर एक से अधिक गेट हैं तो उनका उपयोग सुविधानुसार सुनिश्चत किया जाएगा। अगर छात्र विद्यालय की बस से आते हैं तो उसे प्रतिदिन सैैैनिटाइज कराना होगा। आरटीओ को जिलाधिकारी की तरफ से उन बसों की जांच करने को कहा गया है जिन बसों को छात्रों को लाने एवं ले जाने के लिए लगाया गया है। बस में बैठते समय सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराना और विद्यालय पर प्राथमिक उपचार बाक्स रखना अनिवार्य किया गया है। उन्होंने बताया कि अगर किसी छात्र को खांसी, जुकाम और बुखार के लक्षण दिखाई दें तो गेेट से ही उसे प्राथमिक उपचार देकर घर भेज देने का निर्देश दिया गया है।