गाजीपुर। नगर पालिका परिषद गाजीपुर शहर में कोरोना महामारी से बचाव के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। मंगलवार को उसने सेनेटाइजेशन के तीसरे चरण के पहले दिन कई वार्डों के घरों में सैनिटाइजेशन किया। पवहारी बाबा, जयप्रकाश नगर, उर्दूबाजार एवं नवाबगंज वार्डों में वहां के सभासदों दिग्विजय पासवान, अशोक मौर्या, हरिलाल गुप्ता एवं अनिल कुमार वर्मा की देख-रेख में घर-घर सेनेटाइज कार्य किया गया परिषद के अध्यक्ष प्रतिनिधि विनोद अग्रवाल ने बताया कि सेनेटाइजेशन अनवरत छह दिन तक चलेगा। प्रत्येक दिन चार-चार वार्डों में एवं अंतिम दिन पांच वार्डों में यह कार्य पूरा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त दो स्प्रे युक्त टैंकर से नगर के मुख्य मार्गों को शनिवार से लगातार सेनेटाइज किया जा रहा है। साथ ही वार्डों में फागिंग भी कराई जा रही है। पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी लालचंद सरोज ने नगरवासियों से कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए कर्मचारियों के सहयोग की अपील की है।