गाजीपुर। कोरोनामहामारी के बढ़ते प्रकोप को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका परिषद की ओर से सेेनेटाइजेशन के द्वितीय चरण में मंगलवार को डा. विवेकी राय, लोकमान्य तिलक नगर, सुभाष नगर, महात्मा गांधी और महाजन टोली में सभासदों की देखरेख में सेनेटाइजेशन हुआ। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष प्रतिनिधि विनोद अग्रवाल और अधिशासी अधिकारी लालचंद्र सरोज ने बताया कि द्वितीय चरण के क्रम में अंतिम दिन शेष चार वार्डों में सेनेटाइजेशन का कार्य संपन्न हुआ। इसके अतिरिक्त नगर में मुख्य मार्गों पर पश्चिम से पूर्व छोर तक फागिंग का कार्य भी कराया जा रहा है एवं सभी वार्डो में फागिंग का कार्य शुरु कर दिया गया है। पालिका प्रतिनिधि विनोद अग्रवाल ने लोगों से कोरोना संक्रमण से बचने के लिए शासन की गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है। अनावश्यक घर से बाहर न निकलें, बहुत जरुरी हो तो तभी निकलें। टीकाकरण जिन लोगों ने अभी तक न कराया हो तो अविलंब करा लें। 18 वर्ष से ऊपर के लोग नि:शुल्क टीकाकरण के लिए पंजीयन करा लें। एक मई से शुरु होने वाले टीकाकरण कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोग भाग लें।