गाजीपुर। संघ प्रमुख मोहन भागवत तीन साल में लगातार तीसरी बार गाजीपुर आ रहे हैं। वह परमवीर चक्र सैन्य सम्मान से सम्मानित अमर शहीद वीर अब्दुल हमीद की जयंती समारोह में पहली बार हिस्सा लेंगे। इस दौरान उन पर लिखी गई मेरे पापा परमवीर पुस्तक का विमोचन भी करेंगे। इसके बाद वह आध्यात्म जगत में तीर्थ स्थल बन चुके हथियाराम मठ में तीसरी बार दर्शन-पूजन करने जाएंगे। उनके कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी हो गईं हैं।
संघ प्रमुख वाराणसी से सोमवार दिन में दस बजे शहीद वीर अब्दुल हमीद पार्क धामूपुर पहुंचेंगे। यहां उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद डॉ. रामचंद्रन श्रीनिवासन द्वारा लिखी गई पुस्तक का विमोचन करेंगे। यह पुस्तक परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद के जीवन से जुड़ी बातचीत पर आधारित पुस्तक है, जिसका नाम मेरे पापा परमवीर रखा गया है। इसके बाद मंझनपुर होते हुए हथियाराम मठ जाएंगे। इस दौरान वह सिद्धपीठ स्थित बुढ़िया माई का पूजन-अर्चन करेंगे। वहीं, महामंडलेश्वर स्वामी भवानीनंदन यति का भी आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इस अवसर पर उनके साथ संघ के राष्ट्रीय स्तर के तमाम पदाधिकारी व स्वयंसेवक भी उपस्थित रहेंगे। इसके बाद वो शाम साढ़े चार बजे हंसदेवरहा बाबा आश्रम विंध्याचल मिर्जापुर के लिए रवाना हो जाएंगे। बता दें कि संघ प्रमुख इसके पहले 2022 में हथियाराम मठ आए थे। 2023 में भी सिद्धपीठ पहुंचे थे, तब उन्होंने रात्रि प्रवास भी किया था।