गाजीपुर। लॉकडाउन अवधि एवं ग्रीष्मावकाश के लिए एमडीएम की धनराशि एवं खाद्यान्न उपलब्ध कराए जाने की सूचना मांगने के बाद भी नहीं दिए जाने पर 11 खंड शिक्षाधिकारियों का वेतन भुगतान अग्रिम आदेश तक रोक दिया है। यह कार्रवाई बीएसए ने सोमवार को की। बीएसए श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2019-20 के नामांकन के डाटा को प्रेरणा पोर्टल पर शत-प्रतिशत बच्चों की फीडिंग किए जाने के लिए एवं बच्चों/अभिभावकों को खाद्यान्न एवं परिवर्तन लागत उपलब्ध कराने, प्रगति की सूचना प्रतिदिन एमडीएम सेल को गूगल शीट पर उपलब्ध कराने, विद्यालयवार प्रेरणा पोर्टल पर अंकित बच्चों की संख्या, परिवर्तन लागत 14 मार्च 2020 तक व्यय के बाद खाते में अवशेष धनराशि, विद्यालय के कितने बच्चों/अभिभावकों के खाते में धनराशि आरटीजीएस-नेफ्ट की गई आदि सूचना उपलब्ध कराए जाने के लिए निर्देशित किया गया था। बताया कि बार-बार निर्देशित किए जाने के बावजूद भी कई खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा लापरवाही करते हुए जानबूझकर सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई है। इससे खाद्यान्न वितरण एवं परिवर्तन लागत वितरण में प्रदेश स्तरीय रैकिंग में जिले की स्थिति खराब हुई है। बीएसए ने इसे गंभीरता से लेते हुए बाराचवर, भदौरा, बिरनो, मनिहारी, मरदह, मुहम्मदाबाद. नगर क्षेत्र. रेवतीपुर, सैदपुर, जखनिया एवं जमानिया के खंड शिक्षा अधिकारी के वेतन भुगतान पर अग्रिम आदेश तक रोक लगा दी है।