सड़क हादसे में अधिवक्ता और उनके माता-पिता गंभीर रूप से घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
नंदगंज। थाना क्षेत्र के सहेड़ी बाईपास स्थित एक ढाबे के सामने मंगलवार की रात सड़क के बीचो-बीच अचानक आई गाय को बचाने के चक्कर में एक टाटा सफारी अनियंत्रित होकर खड़ी ट्रक में पीछे जा घुसी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अधिवक्ता सहित उनके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि घायलों को उपचार के लिए वाराणसी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शहर कोतवाली के गोड़ादेहाती निवासी अधिवक्ता विशाल पांडेय अपने पिता सत्येंद्र पांडेय और मां रीता पांडेय को लाने के लिए पड़ोसी चंदन कुमार सिंह के साथ टाटा सफारी से वाराणसी गए थे। उनके माता- पिता दिल्ली से हवाई जहाज से वाराणसी आए थे। सभी लोग वाराणसी में खाना खाने के बाद टाटा सफारी से घर के लिए रवाना हुए। कार अधिवक्ता विशाल पांडेय चला रहे थे।
सहेड़ी बाईपास के पहले शिवशक्ति ढाबा के पास एक गाय को बचाने के चक्कर में सड़क किनारे बेतरतीब खड़े एक ट्रक में पीछे से जा घुसी। जोरदार टक्कर से गाड़ी का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चंदन कुमार सिंह (37), अधिवक्ता विशाल पांडेय, पिता सत्येंद्र पांडेय और मां रीता पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गई। सू
चना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल लेकर आई। जहां गंभीर रूप से घायल चंदन सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं डाक्टरों ने विशाल पांडेय और उनके माता-पिता को उपचार के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। जहां तीनों लोगों का उपचार चल रहा है। इधर घटना की जानकारी मिलते ही मृतक चंदन सिंह के परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। घरवाले शव देख धाड़े मारकर रोने- बिलखने लगे। इस संबंध में उपनिरीक्षक रमेश कुमार पटेल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।