शहर कोतवाली के गोराबाजार में हादसे के बाद सड़क जाम करते लोगों को समझाते सीओ सीटी ओजस्वी चावला।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। शहर कोतवाली के गोराबाजार स्थित हुनमान मंदिर के सामने बृहस्पतिवार की सुबह तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली से कुचलकर मासूम की मौत हो गई। वह अपने पिता के साथ बाइक से कहीं जा रहा था। हादसे से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर शव रखकर विकास भवन चौराहा-जिला अस्पताल मार्ग जाम कर दिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राली लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंचे एसपी सिटी ने समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया और शव को कब्जे में लिया। कासिमाबाद कोतवाली के राजापुर गांव निवासी प्रियांशू उर्फ प्रिंस (2) दो दिन पूर्व अपने पिता बबलू और मां पूनम के साथ फाक्सगंज स्थित ननिहाल आया था। सुबह 9:40 बजे वह अपने पिता बबलू के साथ बाइक से कहीं जा रहा था। गोराबाजार हनुमान मंदिर के सामने तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक को टक्कर मारी। मासूम छिटककर गिरा और ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते ट्रैक्टर मासूम को कुचलते हुए निकल गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राली लेकर फरार हो गया। उधर, हादसे से आक्रोशित लोगों ने शव रखकर रास्ता जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी ओजस्वी चावला और एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी ने समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया। तक जाकर जाम समाप्त हुआ और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाल विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।